प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर प्रत्येक सहकारी समिति में जलेंगे 101 दीप : कृष्ण कुमार

कसडोल। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक कार्यकर्ता एवं आम नागरिक अपने-अपने घरों और संस्थाओं में दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं संकल्प का संदेश देंगे।


इसी संबंध में 14 सितंबर 2026, सोमवार को कृष्ण कुमार पटेल, जिला सहयोजक सहकारी प्रकोष्ठ, जिला बलौदाबाजार एवं प्राधिकृत अधिकारी पीसीद द्वारा विभिन्न सहकारी समितियों के प्राधिकृत अध्यक्षों, समिति प्रबंधकों एवं कर्मचारियों की बैठक ली गई। बैठक में निर्देशित किया गया कि 17 सितंबर से जिले की प्रत्येक प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में कम से कम 101 दीप जलाए जाएं। इस कार्यक्रम में संबंधित समिति क्षेत्र के किसान भाइयों एवं वरिष्ठ नागरिकों को भी सूचना देकर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने की बात कही गई। बैठक के दौरान सहकारी समिति बलौदाबाजार (शहर) के संतोष पटेल, पनगांव सहकारी समिति के रामलाल कुर्रे, सहकारी समिति लाहौद के रमेश कुमार साहू, प्राधिकृत अध्यक्ष, समिति प्रबंधक एवं समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


कृष्ण कुमार पटेल जिला संयोजक सहकारी प्रकोष्ठ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से प्रारंभ होने वाला यह सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह चलेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं सहकारी समितियों से अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही आगे बताया कि अभी इसी प्रकार पूरे 166 उपार्जन केंद्र एवं 135 समितियों में एक कार्यक्रम क्रमशः होना है। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के फोटो एवं वीडियो बनाकर सहकारिता प्रकोष्ठ के ग्रुप में भेजे जाएं, ताकि अभियान की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।

इन्हें भी पढ़े