नकली मंगलसूत्र को सोना बताकर 40 हजार की ठगी, पामगढ़ पुलिस ने चंद घंटों में दो शातिर ठगों को दबोचा

{Pankaj Kurre}


पामगढ़ । नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर ज्वेलरी दुकान संचालक से 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को पामगढ़ पुलिस ने महज चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी 40 हजार रुपये की नगद राशि तथा घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (CG 04 QY 6279) भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

ज्वेलरी दुकान संचालक को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, 26 जून 2026 को वार्ड क्रमांक 5 चांपा निवासी एवं वर्तमान में पामगढ़ में रहने वाले हिमांशु सोनी ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। वे नगर पंचायत पामगढ़ में ‘केसर लाल एंड संस’ नाम से ज्वेलरी दुकान संचालित करते हैं।

शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सफेद रंग की बलेनो कार से दो व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने 50 हजार रुपये की आवश्यकता बताते हुए सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखने की बात कही।

नकली बिल दिखाकर की 40 हजार की ठगी

प्रार्थी द्वारा मंगलसूत्र की रसीद मांगे जाने पर एक आरोपी ने स्वयं को ‘अमित तिवारी’ बताते हुए नकली बिल प्रस्तुत किया। बिल और मंगलसूत्र को देखकर प्रार्थी ने उसे असली सोना समझ लिया तथा 40 हजार रुपये गिरवी के रूप में दे दिए। रकम लेकर दोनों आरोपी कार से फरार हो गए।

आरोपियों के जाने के बाद जब मंगलसूत्र की जांच की गई तो पता चला कि वह सोने का नहीं बल्कि बेनटेक्स (नकली) का बना हुआ था। ठगी का एहसास होते ही हिमांशु सोनी ने तत्काल थाना पामगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 267/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की।

एसपी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई, बलौदा बाजार से गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा SDOP प्रदीप सोरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की सहायता से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर बलौदा बाजार में दबिश दी गई, जहां दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 27 जून 2026 को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

1. अमन सोनी, पिता गणेश सोनी, उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 09, बलौदा बाजार।

2. अमित सोनी, पिता कृष्ण कुमार सोनी, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 21, वैष्णव कॉलोनी, बलौदा बाजार, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदा बाजार।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन कुमार सारथी, उप निरीक्षक सुरेश जाट, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार, आरक्षक श्याम ओग्रे, बेदराम पटेल, सैनिक अनिल दिनकर सहित थाना पामगढ़ के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

इन्हें भी पढ़े