तेंदुवा धाम में 9 दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लिया संतों का आशीर्वाद

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । जिले के शिवरीनारायण स्थित तेंदुवा धाम (कुरियारी) में आयोजित 9 दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ सोमवार को हुआ। इस अवसर पर विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ आश्रम पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने पद्म विभूषण से सम्मानित जगद्गुरु रामभद्राचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन भूमि भगवान श्रीराम के चरणों से धन्य रही है। वनवास काल और माता शबरी की भक्ति का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे आस्था, समर्पण और विश्वास की भूमि बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदुवा धाम आज धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरण का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है, जहां हजारों श्रद्धालु एक साथ श्रीराम कथा का श्रवण कर रहे हैं। उन्होंने आश्रम परिसर में हरिवंश औषधालय एवं पंचकर्म केंद्र, श्रीराम-जानकी मंडपम, वैदिक पाठशाला, मां दुर्गा गौ मंदिर और हनुमत प्रवेश द्वार सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के लोकार्पण पर आश्रम प्रबंधन को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ “धान का कटोरा” होने के साथ-साथ सेवा, समर्पण और आस्था की भूमि भी है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के दौरान प्रदेश से भेजे गए 11 ट्रक चावल और चिकित्सकों की टीम का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे श्रद्धा का प्रतीक बताया। साथ ही उन्होंने श्रीरामलला दर्शन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से हजारों श्रद्धालु अयोध्या धाम के दर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे और शांति, विकास एवं सामाजिक समरसता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” को राज्य की पहचान बताया।

कार्यक्रम में परमपूज्य वासुदेवनंद सरस्वती महाराज, किन्नर अखाड़ा प्रमुख मां टीना सहित अनेक संत-महात्मा मौजूद रहे। राघव सेवा समिति के प्रमुख डॉ. अशोक हरिवंश ने बताया कि शिवरीनारायण में ‘कलिंग शैली’ में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। आश्रम में औषधालय, वैदिक विद्यालय, गौ मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, गीता वाटिका और शबरी रसोई जैसी कई सामाजिक-धार्मिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, महंत रामसुंदर दास, गुलाब सिंह चंदेल, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, इंजी. रवि पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े