ग्राम हटौद में आवास चौपाल: अपूर्ण और नए आवासों के प्रगति पर दिया गया जोर
(रौनक साहू)
कसडोल। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने तथा हितग्राहियों को योजना की संपूर्ण जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद पंचायत कसडोल के ग्राम पंचायत हटौद में आवास चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल में विकासखंड समन्वयक (आवास), तकनीकी सहायक, जनपद सदस्य, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।चौपाल के दौरान अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा हितग्राहियों को किस्त जारी होने की प्रक्रिया, निर्माण के चरणों और तकनीकी मानकों की जानकारी विस्तार से दी गई। वर्ष 2024-25 के लंबित एवं अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही वर्ष 2025-26 में स्वीकृत नए आवासों के लिए जारी प्रथम किस्त का उपयोग करते हुए लाभार्थियों को तुरंत निर्माण कार्य प्रारंभ करने और समयसीमा के भीतर उल्लेखनीय प्रगति लाने के लिए भी प्रेरित किया गया, ताकि सभी आवास निर्धारित अवधि में गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण किए जा सकें। मनरेगा अभिसरण के माध्यम से मिलने वाले मानव दिवस , उज्ज्वला गैस, रुफ टॉप रैन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर निर्माण और शौचालय निर्माण जैसी सुविधाओं की जानकारी भी लाभार्थियों को प्रदान की गई।
ग्रामीणों द्वारा बताया गया समस्याओं और निर्माण संबंधी शंकाओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे चौपाल का वातावरण संवादात्मक और सकारात्मक रहा। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि योजना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित, मजबूत और गुणवत्तायुक्त आवास उपलब्ध कराना है। इस हेतु पंचायत स्तर के कर्मचारियों को नियमित निगरानी करने, हितग्राहियों को समय पर मार्गदर्शन प्रदान करने तथा निर्माण की गुणवत्ता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चौपाल के अंत में सभी हितग्राहियों को आवास निर्माण की प्रगति तेज करने तथा योजना का पूर्ण लाभ समय पर प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।









