अनूपपुर दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश, बेटे ने ही रची थी पिता और सौतेली मां की हत्या की साजिश
(संजीत सोनवानी)
अनूपपुर। कोतवाली पुलिस ने ग्राम लखनपुर में हुए दोहरे हत्याकांड का तत्परतापूर्वक खुलासा करते हुए एक सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश किया है। संपत्ति विवाद और सौतेली माँ के चलते मृतक राजेंद्र उर्फ बबलू पटेल के सगे पुत्र सहित कुल पाँच आरोपियों ने मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने पुत्र सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
“रात के अंधेरे में नृशंस हत्या”
यह हृदय विदारक घटना लखनपुर निवासी राजेंद्र उर्फ बबलू पटेल और उनके घर पर काम करने वाली कुमारी सीमा बैगा (निवासी ग्राम डालाडीह) की रात्रि में सोते समय हुई थी। दोनों की जघन्य एवं नृशंसतापूर्वक हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में यह सामने आया कि इस हत्याकांड का मुख्य सूत्रधार कोई और नहीं, बल्कि मृतक राजेंद्र पटेल की पहली पत्नी से हुआ पुत्र आलोक उर्फ सूरज पटेल (उम्र 18 साल) है।
“साजिश में शामिल थे 4 अन्य साथी”
पुलिस के अनुसार, आलोक उर्फ सूरज पटेल ने अपने 04 अन्य साथियों के साथ मिलकर इस दोहरे हत्याकांड की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। मामले में कुल 5 आरोपी शामिल थे, जिनमें से तीन आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं, जबकि आलोक उर्फ सूरज पटेल सहित दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
“संपत्ति और सौतेली माँ का विवाद”
पुलिस ने खुलासा किया है कि इस पूरे विवाद की जड़ संपत्ति में अपना अधिकार और सौतेली माँ थी। पुत्र आलोक उर्फ सूरज पटेल अपनी सौतेली माँ के चलते पिता और माँ को रास्ते से हटाना चाहता था। दुर्भाग्य से, इस नृशंस वारदात में घर पर काम करने वाली बाईं कुमारी सीमा बैगा की भी हत्या कर दी गई।
“हत्या की योजना का वीडियो जारी”
इस वारदात की गंभीरता को दर्शाते हुए, पुलिस ने घटना के पहले का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें सभी आरोपी मिलकर हत्या की पूरी योजना तैयार करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो साफ़ तौर पर दर्शाता है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी।
कोतवाली पुलिस की तत्परता से की गई कार्रवाई के कारण यह सनसनीखेज मामला सामने आया है और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने में सफलता मिली है।









