मुख्यमंत्री ने महरौली के विकास के लिए 135 करोड़ की परियोजनाओं का किया शुभांरभ
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को महरौली विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 135 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विकसित दिल्ली का सपना, आपके घर, कॉलोनी और विकसित विधानसभा से ही साकार होगा और महरौली उसी दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि सरकार महरौली की ऐतिहासिक भव्यता को सुरक्षित रखते हुए उसे 21वीं सदी की आधुनिक सुविधाओं से जोड़ रहे हैं। विरासत भी संरक्षित होगी और भविष्य भी सशक्त बनेगा। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने दिल्ली को सिर्फ विज्ञापनों में चमकाया। महरौली की विरासत, यहां की जरूरतें और नागरिकों की अपेक्षाएं वर्षों तक उपेक्षित रहीं। उनकी राजनीति सिर्फ सत्ता केंद्रित थी, हमारी राजनीति सेवा-सुशासन और विकास की है। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं स्वच्छता, आधारभूत ढांचा मजबूत करने और नागरिकों के जीवन को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने की दिशा में ठोस कदम हैं।
इस अवसर पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, महरौली के विधायक गजेंद्र सिंह यादव, पूर्व पार्षद आरती सिंह यादव, क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों और बड़ी संख्या में स्थानीय उपस्थित रहे।









