गिधौरी महानदी त्रिवेणी संगम में गंगा आरती हुआ
(मदन खाण्डेकर)
गिधौरी। गिधौरी महानदी त्रिवेणी संगम में धार्मिक एवं सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए गंगा आरती का भव्य आयोजन रविवार को व्यापारी वर्ग एवं ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने भाग लेकर मां गंगा की आराधना की और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित मुकेश शर्मा जी वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विधिवत गंगा आरती संपन्न कराई गई, जिसमें , शंखनाद और भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। आरती के दौरान मां गंगा के जयकारों से पूरा घाट गूंज उठा, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।इस अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान देने वाले समस्त व्यापारियों को मंच पर आमंत्रित कर फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारियों एवं ग्रामवासियों के आपसी सहयोग से ही इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम सफल होते हैं, जिससे समाज में एकता, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। व्यापारियों ने भी ऐसे आयोजनों में आगे बढ़कर सहयोग करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा आरती न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता एवं व्यवस्था के लिए किए गए प्रबंधों की भी सराहना की गई। अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी व्यापारियों, ग्रामवासियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समग्र रूप से यह गंगा आरती कार्यक्रम श्रद्धा, सहयोग और सामाजिक सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ। जिसमें मुख्य रूप से उपस्थित नटवर अग्रवाल संदीप अग्रवाल शैलेंद्र केसरवानी जगदीश विनोद केसरवानी सुखीराम वर्मा अग्रवाल डॉ योगेश साहू गिधौरी सरपंच गोलू केवट जनपद सदस्य राजा वर्मा चंद्रहास ,सूर्या वर्मा ,रिंकू गुप्ता ,प्रशांत शर्मा, हेमंत शर्मा रमेश पाडे ,व्यास नारायण साहू, आदि शामिल थे









