बलौदाबाजार ब्रेकिंग,,, भाटापारा शहर के मेहता नगर में युवक की बेरहमी से हत्या, इलाके में फैली दहशत
(रौनक साहू)
भाटापारा। भाटापारा शहर के मेहता नगर इलाके में देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सोनू गायकवाड़ के रूप में हुई है। अज्ञात हमलावरों ने युवक के सिर पर ईंट से प्राणघातक वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही भाटापारा शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा पुलिस द्वारा किया जा रहा है।









