मंत्री गुरु खुशवंत साहेब 18 से करेंगे पांच दिवसीय सतनाम पदयात्रा…

“बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” का देंगे संदेश..

(नीलकमल आजाद)

रायपुर। पूज्य गुरु घासीदास जी के आशीर्वाद एवं धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के सानिध्य में छ.ग. शासन के कैबिनेट मंत्री एवं सतनामी समाज के युवराज धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब कल 18 फरवरी (बुधवार) को राजधानी रायपुर के आदर्श नगर मोवा स्थित सतनाम भवन से प्रातः 8 बजे पांच दिवसीय सतनाम सद्भाव पदयात्रा करने जा रहे है जिसका समापन 22 फरवरी को पवित्र गिरौदपुरी धाम में होगा।

गुरुजी के संदेश समानता ,सद्भाव एवं समरसता के उद्देश्य को लेकर आयोजित इस पदयात्रा में “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे -मनखे एक समान” के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्वेत वस्त्र धारण कर सफेद ध्वज लहराते हुए सतनामी समाज के लोग साथ चलेंगे।

तय कार्यक्रम अनुसार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब प्रथम दिवस 18 फरवरी को सुबह 8 बजे सतनाम भवन, मोवा स्थित पवित्र जैतखाम व गुरुगद्दी की विशेष पूजा अर्चना व मंगल आरती करके पदयात्रा प्रारंभ करेंगे जो सेमरिया , दोंदेखुर्द,दोदेंकला होते हुए सारागांव पहुंचेगी जहां रात्रि विश्राम करेंगे।

द्वितीय दिवस 19 फरवरी को बंगोली, खरोरा, कनकी, भैसा होते हुए पदयात्रा भंडारपुरी पहुंचेंगी जहां रात्रि विश्राम करेंगे। तृतीय दिवस 20 फरवरी को भटिया,खोरसी सण्डी, कोदवा, गिर्रा, घोटिया होते हुए पलारी पहुंचेगी जहां रात्रि विश्राम करेंगे। चतुर्थ दिवस 21 फरवरी को अमेरा, सकरी, बलौदाबाजार, पनगांव होते हुए लवन पहुंचेगी जहां रात्रि विश्राम करेंगे।

वहीं अंतिम दिवस 22 फरवरी को कसडोल,छाछी, कटंगी,अमोदी, मटिया, मड़वा होते हुए पवित्र गिरौदपुरी धाम पहुंचेगी जहां पदयात्रा का समापन होगा, इस दौरान प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति, समृद्धि व खुशहाली की कामना करेंगे।

गौरतलब है कि पदयात्रा समापन दिवस 22 फरवरी से प्रतिवर्ष की भांति तीन दिवसीय प्रसिद्ध गिरौदपुरी मेला प्रारंभ होगा जो 24 फरवरी तक चलेगा जिसमें देशभर से लाखों लोग गुरु घासीदास जी के पवित्र जन्म स्थली पर मत्था टेकने पहुंचेंगे।






इन्हें भी पढ़े