भीम रेजिमेंट का जोरदार प्रदर्शन, UGC कानून दोबारा लागू करने की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर चांपा। भीम रेजिमेंट के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने UGC कानून को पुनः लागू करने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। रैली निकालकर प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ओबीसी वर्ग के विभिन्न समाजों के लोग शामिल हुए। रैली में कश्यप, साहू, पटेल, रजक, श्रीवाश सहित अन्य समाजों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर एकजुटता दिखाई। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार से UGC कानून को पूर्ववत लागू करने की मांग की।

क्या है मांग

भीम रेजिमेंट के पदाधिकारियों का कहना है कि UGC से संबंधित प्रावधानों में हुए बदलाव से पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि शिक्षा व्यवस्था में समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए पुराने प्रावधानों को फिर से लागू किया जाए।

कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रैली के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आगे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन संगठन ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा सामाजिक न्याय और अधिकारों से जुड़ा है। उन्होंने केंद्र सरकार से जल्द निर्णय लेकर ओबीसी वर्ग के हितों की रक्षा करने की अपील की।






इन्हें भी पढ़े