पामगढ़ में ‘चावल उत्सव’ का सफल आयोजन: 10 से 20 फरवरी तक चला विशेष अभियान, खाद्य निरीक्षक दिलीप कुमार भारद्वाज ने किया सघन निरीक्षण

(पंकज कुर्रे)

पामगढ़ / 21 फरवरी 2026। शासन के निर्देशानुसार की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 10 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक ‘चावल उत्सव’ का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और त्वरित ढंग से राशन वितरण सुनिश्चित किया गया। पूरे आयोजन की निगरानी खाद्य विभाग द्वारा की गई।

खाद्य निरीक्षक दिलीप कुमार भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव को सफल बनाने के लिए सभी उचित मूल्य दुकान संचालकों को पूर्व में कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। उन्होंने स्वयं विभिन्न राशन दुकानों का औचक निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था, स्टॉक की उपलब्धता तथा पारदर्शिता की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया।


वितरण प्रक्रिया के प्रमुख बिंदु

‘चावल उत्सव’ के अंतर्गत विभिन्न श्रेणी के राशन कार्डधारकों को उनकी पात्रता के अनुसार राशन सामग्री वितरित की गई—

🔹 राज्य योजना राशन कार्ड (अंत्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित, निःशक्तजन)
इन कार्डधारकों को फरवरी एवं मार्च (दो माह) का चावल एकमुश्त प्रदान किया गया। इस श्रेणी में सामान्य (नॉन-फोर्टिफाइड) चावल वितरित किया गया।

🔹 एनएफएसए राशन कार्ड (अंत्योदय एवं प्राथमिकता)
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र हितग्राहियों को फरवरी माह की पात्रता अनुसार केवल फोर्टिफाइड चावल (Fortified Rice) का वितरण किया गया।

🔹 सामान्य एपीएल कार्डधारक
इन उपभोक्ताओं को निर्धारित मासिक पात्रता के अनुसार सामान्य चावल वितरित किया गया।

🔹 अन्य सामग्री का वितरण
चावल के अतिरिक्त शक्कर, नमक एवं अन्य आवश्यक राशन सामग्री का वितरण भी निर्धारित मासिक पात्रता के अनुरूप पूर्ण किया गया।


पारदर्शिता और त्वरित सेवा पर विशेष बल

खाद्य निरीक्षक ने बताया कि उत्सव अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी गई। सभी दुकानों को निर्देश दिए गए कि सूचना पटल पर उपलब्ध स्टॉक, दर सूची एवं पात्रता संबंधी जानकारी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र परिवारों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘चावल उत्सव’ के माध्यम से वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।


खाद्य विभाग, विकासखंड पामगढ़ (छत्तीसगढ़)

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439