जनगणना 2027: कलेक्टर महोबे ने अधिकारियों को दिए निर्देश, प्रशिक्षण का पहला चरण शुरू

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। आगामी जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल संचालन के लिए जिला पंचायत सभाकक्ष में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जांजगीर-चांपा के कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने की। इसमें जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग के तहत प्रत्येक मकान का सूचीकरण किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय जानकारी संकलित की जाएगी।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित कार्मिक अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में भाग लें तथा प्रक्रियाओं को भली-भांति समझकर ही मैदानी कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के आधार पर ही विकास योजनाओं का निर्माण होता है, इसलिए यह दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कलेक्टर ने यह भी बताया कि जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में संपन्न की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आम नागरिकों को सही एवं सटीक जानकारी देने के लिए जागरूक करें, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचा जा सके।

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर मनोज महिलांगे एवं बलवंत सौम्यकर द्वारा जनगणना 2027 में जनगणना पदाधिकारियों की भूमिका, कानूनी प्रावधानों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही जनशक्ति एवं प्रचार गतिविधियां, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की नियुक्ति, डेटा नैतिकता, गोपनीयता एवं सुरक्षा, मोबाइल एवं वेब ऐप से जुड़ी समस्याओं के निराकरण तथा समय-सीमा से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्व-गणना प्रक्रिया का डेमो प्रस्तुत किया गया तथा उत्तरदाता, प्रगणक और पर्यवेक्षकों की भूमिका स्पष्ट की गई। साथ ही एचएलओ प्रश्न 1 से 34 का अवलोकन, सीएमएमएस मॉड्यूल, उपयोगकर्ता पंजीकरण, एचएलओ प्रबंधन सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी संदीप ठाकुर, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, तहसील जनगणना चार्ज अधिकारी, नगरीय जनगणना चार्ज अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






इन्हें भी पढ़े