बम से उड़ाने की धमकी: बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला न्यायालय को साइनाइड गैस और आरडीएक्स के माध्यम से ब्लास्ट करने की दी चेतावनी

(देवेश साहू)

बिलासपुर/ बलौदाबाजार: बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला एवं सत्र न्यायालय बलौदाबाजार के जिला न्यायालय को मंगलवार सुबह 11 बजे बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी मेल के माध्यम से भेजी गई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते के साथ कोर्ट परिसर को सील कर दिया। इसके बाद जजों के सभी कमरों की बारीकी से जांच की गई।

जानकारी के अनुसार यह मेल बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार कार्यालय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को मंगलवार सुबह एक धमकी भरा ई-मेल मिला था जिसके बाद हड़कंप मच गया। ई-मेल में साइनाइड गैस और आरडीएक्स के माध्यम से न्यायालय परिसर को ब्लास्ट करने की चेतावनी दी गई थी। यह संदिग्ध मेल सुबह 11:01 बजे न्यायालय कार्यालय को प्राप्त हुआ। मेल में 11 बजे तक न्यायालय में मौजूद जजों एवं अन्य लोगों को बाहर निकालने की चेतावनी दी गई थी। ई-मेल sunniya_dasan@outlook.com आईडी से भेजा गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और न्यायालय परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते द्वारा भी परिसर की जांच की गई। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। प्राथमिक जांच में ई-मेल फर्जी प्रतीत हो रहा है हालांकि पुलिस द्वारा मेल के स्रोत की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाए गए थे। स्थिति सामान्य होने के बाद न्यायालय का कार्य यथावत प्रारंभ कर दिया गया। घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 






इन्हें भी पढ़े