विधायक शेषराज हरबंश के प्रयास से कोनारगढ़–मल्हार मार्ग लीलागर नदी तक बजट में शामिल
(पंकज कुर्रे)
पामगढ़। पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कोनारगढ़–मुलमुला क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही बहुप्रतीक्षित मांग को बड़ी सफलता मिली है। शेषराज हरबंश विधायक पामगढ़ के विशेष प्रयासों से कोनारगढ़ से मल्हार मार्ग होते हुए लीलागर नदी तक सड़क निर्माण कार्य को राज्य सरकार के बजट में शामिल कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुलमुला से कोनार होते हुए लीलागर नदी तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पुल-पुलिया सहित किया जाएगा। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद कोनार एवं आसपास के ग्रामों के नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में क्षेत्रवासियों को खराब मार्ग और आवागमन की समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
विधायक श्रीमती हरबंश के निरंतर प्रयासों और पहल के फलस्वरूप इस मार्ग को बजट में स्थान मिला है। क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय पर हर्ष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार का आभार जताया है। मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के प्रति भी नागरिकों ने धन्यवाद ज्ञापित किया है, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण मांग को बजट में शामिल कर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का कार्य किया है।
जनपद सदस्य पुष्पलता सन्नी यादव ने क्षेत्रवासियों की ओर से विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।









