बलौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : होली के पहले दिन दुकानों से 300 डरावने मुखौटे जब्त

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। होली पर्व के मद्देनज़र जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है। बलौदा क्षेत्र में दुकानों की जांच के दौरान पुलिस ने लगभग 300 नग डरावने एवं भ्रामक मुखौटे जब्त किए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों पर नजर रखते हुए त्योहार के दौरान संभावित हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, होली के दौरान कुछ असामाजिक तत्व डरावने मुखौटे पहनकर अपनी पहचान छिपाते हुए मारपीट या अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। इसी आशंका के चलते एहतियातन कार्रवाई करते हुए आपत्तिजनक व भ्रामक मुखौटों की बिक्री पर रोक लगाई गई है।

थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि होली के दौरान किसी भी प्रकार के डरावने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले सामान की बिक्री न करें। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439