सूने मकान में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 9.54 लाख के सोने-चांदी के जेवर व स्कूटी बरामद
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले में सूने मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना और जांजगीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक भी मामले में शामिल पाया गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम तथा चोरी में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल 9 लाख 54 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 50 ग्राम सोना, 796 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 3600 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई में घटना स्थल और आसपास के लगभग 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में अहम सुराग मिला।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खपर्डे के नेतृत्व में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक जेपी गुप्ता और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि 26 फरवरी 2026 की रात तीनों आरोपी बिलासपुर से जांजगीर पहुंचे और नहर किनारे सूने मकानों की तलाश करने लगे। देर रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच आरोपियों ने एक बंद मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और लोहे की रॉड से दरवाजे का ताला व अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ली। चोरी के बाद आरोपी सुनसान मैदान में पहुंचकर नगदी आपस में बांटकर स्कूटी से वापस बिलासपुर लौट गए।
चोरी के चांदी के जेवर बेचने के लिए आरोपियों ने अपने परिचित जीत कुमार सूर्यवंशी की मदद ली। उसने गीता प्रसाद साहू से संपर्क कराया, जिसने चोरी के चांदी के जेवर सूरज सोनी को बेच दिए। इससे करीब 80 हजार रुपये प्राप्त हुए, जिसमें से 12-12 हजार रुपये बिचौलियों ने आपस में बांट लिए और बाकी रकम मुख्य आरोपी को दे दी।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं—
- जीत कुमार सूर्यवंशी (22 वर्ष), निवासी सूर्यवंशी मोहल्ला तोरवा, बिलासपुर
- गीता प्रसाद साहू (37 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द, बिलासपुर
- सूरज सोनी (34 वर्ष), निवासी गुड़ीपारा खरौद, थाना शिवरीनारायण
पुलिस के अनुसार मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, निरीक्षक सागर पाठक, उप निरीक्षक कमलदास बैनर्जी, सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा तथा आरक्षक गिरीश कश्यप, माखन साहू, प्रदीप दुबे, सहबाज खान, रोहित कहरा और प्रतीक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।









