फर्जी पुलिस बनकर फोन पर गाली-गलौज… युवक ने कर ली आत्महत्या, जांजगीर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले में एक युवक की आत्महत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। वायरल हुए सुसाइड वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने पाया कि मृतक को असली पुलिस नहीं बल्कि एक युवक ने खुद को पुलिस बताकर फोन पर धमकाया और गाली-गलौज की, जिससे परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक सनत कुमार कश्यप (25 वर्ष) पिता धनीराम कश्यप, निवासी चोरभट्टी थाना मुलमला जिला जांजगीर-चांपा, वर्तमान में अशोक लीलैंड वर्कशॉप ग्राम पताढी थाना उरगा में रह रहा था। 13 मार्च 2026 को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें मृतक ने बताया कि उसे बलोदा थाना क्षेत्र के पंतोरा चौकी से फोन कर गाली-गलौज और प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे परेशान होकर वह आत्महत्या कर रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। जांच में जो तथ्य सामने आए, वे चौंकाने वाले थे।
पता चला कि सचिन खरे (30 वर्ष) निवासी ग्रेवरा बस्ती, जिला कोरबा की बहन स्नेहा खरे (21 वर्ष) 12 मार्च 2026 को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन रात तक घर नहीं लौटी। बहन की तलाश के दौरान सचिन खरे को जानकारी मिली कि वह धीरेन्द्र पाटले के साथ गई है।
इस पर सचिन खरे ने धीरेन्द्र पाटले के दोस्त सनत कश्यप को डराने के लिए खुद को पुलिसकर्मी बताकर फोन किया। उसने अपने भाई शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल नंबर 9669715797 से मृतक के नंबर 6267237268 पर कॉल कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताते हुए गाली-गलौज की और थाना आने के लिए कहा।
फोन पर मिली धमकी और डर के कारण सनत कश्यप ने उरगा चौकी क्षेत्र में आत्महत्या कर ली।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद थाना बलोदा में अपराध क्रमांक 113/26 धारा 204 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
इधर आरोपी की बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना कुसमुंडा जिला कोरबा में दर्ज है और उसकी तलाश भी जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।









