तेज रफ्तार पिकअप का कहर: मां की मौके पर मौत, बेटा गंभीर… आक्रोशित लोगों ने किया चक्का जाम, बनाहिल की घटना

(पंकज कुर्रे)

अकलतरा । क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आज बनाहिल के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इलाज जारी है।

घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। लोगों की मांग है कि आरोपी पिकअप चालक को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक महिला नारियरा की निवासी बताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और चक्का जाम जारी है।

प्रशासन द्वारा लोगों को समझाइश दी जा रही है, वहीं पुलिस आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439






इन्हें भी पढ़े