US ट्रेड डील के विरोध में सांसद घेराव, सत्यजीत शेंडे ने दी गिरफ्तारी

(देवेश साहू)

नई दिल्ली। अमेरिका के साथ प्रस्तावित US ट्रेड डील के विरोध में राजधानी दिल्ली में आयोजित युवा कांग्रेस के सांसद घेराव कार्यक्रम में देशभर से आए कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सत्यजीत शेंडे भी आंदोलन में शामिल हुए और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए गिरफ्तारी दी।


प्रदर्शन के माध्यम से युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि अमेरिका के साथ हो रही ट्रेड डील के सभी पहलुओं को सार्वजनिक किया जाए। उनका कहना है कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संधियों का सीधा असर देश के किसानों, छोटे व्यापारियों, युवाओं और आम जनता पर पड़ सकता है, इसलिए इसमें पारदर्शिता जरूरी है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकते हुए बल प्रयोग किया। कई कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई और उन्हें जबरन बसों में भरकर हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई की युवा कांग्रेस नेताओं ने कड़ी निंदा की है।

सत्यजीत शेंडे ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना अपराध नहीं है। यदि युवा अपने जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगने के लिए सड़कों पर उतरते हैं, तो सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए, न कि पुलिस बल के माध्यम से उसे दबाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। युवाओं की आवाज को गिरफ्तारियों और बल प्रयोग से दबाया नहीं जा सकता।

शेंडे ने आगे कहा कि युवा कांग्रेस किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और देशहित के मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी।

अंत में उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि US ट्रेड डील से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक कर देश की जनता को भरोसे में लेकर ही कोई बड़ा निर्णय लिया जाए।

इन्हें भी पढ़े