PAMGARH: इलाके में सनसनी, नहर में मिला नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस

(पंकज कुर्रे) 

पामगढ़। जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब नहर में एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्राम बारगांव स्थित नहर में स्थानीय लोगों ने एक नवजात का शव पानी में तैरता हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया, वहीं बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नवजात को जन्म के तुरंत बाद नहर में फेंका गया हो सकता है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर नवजात को किसने और क्यों नहर में फेंका।

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

इन्हें भी पढ़े