जिले में खनिज माफियाओं पर सख्त कार्रवाई: 12 ट्रैक्टर व 3 हाइवा जब्त, 15 प्रकरण दर्ज
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच कर 15 प्रकरण दर्ज करते हुए 12 ट्रैक्टर एवं 3 हाइवा वाहनों को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम ने केवा, नवापारा, भादा, पुछेली, पिपरदा, बम्हनीडीह, केराकछार, खोरसी, देवरघटा एवं शिवरीनारायण सहित आसपास के क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से खनिज रेत, मिट्टी (ईंट) तथा चूनापत्थर का उत्खनन और परिवहन करते वाहनों को पकड़ा गया।
खनिज अधिकारी ने बताया कि कुल 15 मामलों में कार्रवाई की गई, जिसमें रेत के अवैध परिवहन के 9 प्रकरण (6 ट्रैक्टर और 3 हाइवा), मिट्टी (ईंट) के 3 प्रकरण (3 ट्रैक्टर) तथा चूनापत्थर के 3 प्रकरण (3 ट्रैक्टर) शामिल हैं। जब्त किए गए सभी वाहनों को संबंधित थाना क्षेत्रों—शिवरीनारायण, पामगढ़, बिर्रा, पंतोरा तथा पुलिस लाइन जांजगीर—में सुरक्षा के तहत रखा गया है।
अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री महोबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि खनिज माफियाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

