विश्व क्षय दिवस पर 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ, टीबी मुक्त पंचायतों व मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जिले में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ जिला ऑडिटोरियम, जांजगीर में किया गया। इस अवसर पर टीबी मुक्त पंचायतों एवं मेधावी छात्राओं का सम्मान समारोह भी आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी उन्मूलन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को गति देना रहा।
कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, लोकेश साहू, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप पाटले, सीएमएचओ डॉ. अनिता श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल, डीपीएम उत्कर्ष तिवारी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर महोबे ने कहा कि टीबी एक पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है, बशर्ते समय पर जांच और नियमित इलाज किया जाए। उन्होंने आमजन से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और पूरा इलाज लें। साथ ही उन्होंने टीबी के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
सीएमएचओ डॉ. अनिता श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 100 दिवसीय अभियान के तहत घर-घर सर्वे, स्क्रीनिंग और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने टीबी मुक्त भारत का संकल्प लेते हुए जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में टीबी मुक्त पंचायतों को सम्मानित किया गया। साथ ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत सत्र 2024-25 की मेधावी छात्राएं—कु. खुशी देवांगन, कु. ज्योति ओग्रे, कु. ईशा, कु. अदिति देवांगन, कु. रोशनी जोगी एवं कु. पुष्पा चौहान—को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

