1 से 15 अप्रैल तक कुम्हारी पुल बंद रहेगा, वैकल्पिक मार्गों से ही करना होगा आवागमन

(पंकज कुर्रे)

दुर्ग/रायपुर। कुम्हारी स्थित खारुन नदी पर बने पुल के मरम्मत कार्य के चलते 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान दुर्ग-भिलाई से रायपुर आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत प्लान तैयार किया गया है।

डीआईजी विजय अग्रवाल ने कंट्रोल रूम में बैठक लेकर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में दुर्ग से रायपुर और रायपुर से दुर्ग जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

इन मार्गों से होगा आवागमन

🔹 राजनांदगांव की ओर से आने वाले भारी वाहन
अंजोरा बायपास – पुलगांव चौक – अंडा – रिसामा – मचांदुर – गाड़ाडीह – मर्रा – जामगांव एम – मोतीपुर – अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंचेंगे।

🔹 दुर्ग-भिलाई से आने वाले मध्यम व छोटे वाहन
सिरसा गेट चौक – अंडा ब्रिज – सिरसा कला – ओंधी – अमलीडीह – मोतीपुर – अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करेंगे।

🔹 बलौद की ओर से आने वाले भारी वाहन
अंडा – रिसामा – मचांदुर – गाड़ाडीह – मर्रा – पेंडा – जामगांव एम – अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंचेंगे।

🔹 धमतरी व अभनपुर की ओर से आने वाले वाहन
अहिवारा – मुसुदा चौक – ओटेबंध – गुढ़ेली – बाना – कंडरका – पथरीडीह – उरला मार्ग से रायपुर जाएंगे।

प्रशासन की विशेष व्यवस्था

सभी डायवर्जन प्वाइंट्स पर स्पष्ट संकेतक बोर्ड, रूट मैप और दिशा-निर्देश लगाए जाएंगे।

निर्माण एजेंसी को मरम्मत कार्य के दौरान 24 घंटे प्रशिक्षित वॉलंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

कुम्हारी ब्रिज, सिरसा गेट चौक और अमलेश्वर क्षेत्र में चौबीसों घंटे ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी रहेगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए रूट मैप भी उपलब्ध कराया जाएगा।प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही पुल पर सामान्य आवागमन शुरू किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े