नम आंखों से कांग्रेस नेता रूपेश ठाकुर को अंतिम विदाई, उमड़ा जनसैलाब; गुवाहाटी में हार्ट अटैक से हुआ था निधन

(देवेश साहू)

बलौदाबाजार। कांग्रेस नेता रूपेश ठाकुर का अंतिम संस्कार आज बलौदाबाजार में सामाजिक सम्मान के साथ किया गया। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई।


विदित हो कि रूपेश ठाकुर का निधन असम के गुवाहाटी में चुनाव प्रचार के दौरान हार्ट अटैक आने से हो गया था। निधन के बाद बुधवार शाम तक उनका पार्थिव शरीर गुवाहाटी से विमान के जरिए कोलकाता होते हुए रायपुर लाया गया, जहां से चारपहिया वाहन के माध्यम से बलौदाबाजार पहुंचाया गया। आज उनकी अंतिम यात्रा में कांग्रेस और भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र में शोक की लहर रही और हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि देने उमड़ा।

पूर्व पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रूपेश ठाकुर कांग्रेस पार्टी के समर्पित एवं सच्चे सिपाही थे। उनका आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उनके असमय चले जाने से न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक कर्मठ, जुझारू और सेवा भाव से परिपूर्ण नेता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि रूपेश ठाकुर का पार्टी के प्रति समर्पण, निष्ठा और कार्यशैली अद्वितीय थी। वे सदैव जनसेवा को सर्वोपरि रखते थे और अपने कार्यों के माध्यम से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। उनका व्यक्तित्व और विचार सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


अंतिम संस्कार में पूर्व मंत्री शिव डहरिया, विधायक संदीप साहू, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा, पूर्व विधायक शकुंतला साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

रूपेश ठाकुर के निधन से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इन्हें भी पढ़े