मुलमुला थाना क्षेत्र में बकरा चोरी की आतंक, थाने में शिकायत पर भी नहीं मिल रही पावती

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा/मुलमुला। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में इन दिनों बकरा-बकरी चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। गांव-गांव में सक्रिय चोर गिरोह के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हालात ऐसे हैं कि पीड़ितों को थाना पहुंचने के बाद भी उचित कार्रवाई नहीं मिल पा रही है, बल्कि कई मामलों में पुलिस द्वारा शिकायत की पावती तक नहीं दी जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के मुलमुला, सोनसरी, डेरा, कोसा, जेवरा, बोरसी और करूमहु जैसे गांवों में लगातार बकरा चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। बीते तीन महीनों में दर्जनों मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी गिरोह का पर्दाफाश नहीं हो सका है।

लग्जरी कार से आते हैं चोर, हथियारबंद होने की आशंका

सूत्रों के अनुसार, यह चोर गिरोह बेहद शातिर है और लग्जरी वाहनों में आकर रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देता है। बताया जा रहा है कि आरोपी हथियारों से लैस रहते हैं, जिससे ग्रामीण उन्हें पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। कई बार पीछा करने पर हमले की आशंका भी बनी रहती है।

पीड़ितों को नहीं मिल रही न्याय

पीड़ितों का कहना है कि जब वे शिकायत दर्ज कराने मुलमुला थाना पहुंचते हैं, तो उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया जाता। कई मामलों में आवेदन लेने के बाद भी पावती नहीं दी जाती, जिससे ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

केस-1: संजय यादव के घर से लाखों का बकरा पार

सोनसरी निवासी संजय यादव, जो बकरा पालन का कार्य करते हैं, के घर से 13 मार्च 2026 की रात एक बड़ा लाल रंग का बकरा चोरी हो गया। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने थाना जाकर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने आवेदन लेने के बावजूद पावती नहीं दी।

केस-2: रोहित साहू के घर से बकरा-बकरी चोरी

वहीं मुलमुला निवासी रोहित साहू ने बताया कि 26 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर से एक बकरा और एक बकरी चोरी कर ली। चोरी गए पशुओं की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है। उन्होंने इस संबंध में थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस का दावा—रात में हो रही गश्त

इस मामले में टीआई पारस पटेल का कहना है कि क्षेत्र में लगातार रात में गश्त की जा रही है और हर शिकायत दर्ज की जा रही है। पुलिस द्वारा चोर गिरोह का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इन्हें भी पढ़े