मारपीट मामले में लापरवाही भारी: अकलतरा थाना के उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार साहू निलंबित
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले के अकलतरा थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार साहू को कर्तव्य में लापरवाही और नियमों की अनदेखी के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मारपीट के एक मामले में एफआईआर दर्ज न करने और दोनों पक्षों पर समझौते का दबाव बनाने के आरोपों के चलते की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे ग्राम रोगदा निवासी प्रकाश नोरगे मारपीट की शिकायत दर्ज कराने अकलतरा थाना पहुंचे थे। उन्होंने आरोपी विनोद एवं अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी। आरोप है कि उस समय थाना में मौजूद उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार साहू ने नियमानुसार मामला दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों पर दबाव बनाकर थाने में ही समझौता करा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल प्रभाव से उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार साहू को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच अकलतरा के एसडीओपी प्रदीप कुमार सोरी को सौंप दी गई है।


