खपरी डबल मर्डर केस: पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग, संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा/मुलमुला। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी में हुए सनसनीखेज दंपति हत्याकांड में पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस ने गांव के कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद से ही पुलिस ने गांव में डेरा डालकर लगातार जांच-पड़ताल की। दूसरे दिन भी पुलिस की टीम मौके पर सक्रिय रही और हर पहलू से साक्ष्य जुटाने का काम जारी रखा। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस के हाथ कुछ ठोस सुराग लगे हैं, जिसके आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल की सुबह ग्राम खपरी निवासी संतराम साहू और उनकी पत्नी श्यामबाई साहू की लहूलुहान हालत में लाश उनके घर में मिली थी। दोनों रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने गए थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया, जबकि पुरुष की जांघ पर चाकू से हमला किया गया। घटनास्थल से नकली बाल (विग) और मूंछ भी बरामद हुई है, जिससे अंदेशा है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए भेष बदला था। साथ ही कमरे में खून से सने पैरों के निशान भी मिले हैं।

हैरानी की बात यह है कि महिला के गले से मंगलसूत्र गायब है, लेकिन अन्य जेवर और घर में रखी नकदी सुरक्षित पाई गई है। इससे पुलिस का मानना है कि यह घटना लूट के इरादे से नहीं, बल्कि किसी अन्य कारण से अंजाम दी गई है और शक को भटकाने के लिए ऐसा किया गया हो सकता है।

फिलहाल, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े