इंस्टाग्राम पर अश्लील पोस्ट कर 70 हजार की मांग: दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जांजगीर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो पोस्ट करने की धमकी देकर पीड़िता के परिजनों से 70 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने सिटी कोतवाली जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी को आरोपियों ने पहले दोस्ती के जाल में फंसाया। इसके बाद दिसंबर 2025 से अलग-अलग इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी अश्लील फोटो और वीडियो भेजते हुए उसे वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। साथ ही 70 हजार रुपये की मांग लगातार की जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े मोबाइल नंबरों का पता लगाया गया, जिससे आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष) और शिवम भवानी (19 वर्ष) निवासी पाली नैला, जांजगीर के रूप में हुई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में टीम गठित कर ग्राम पाली नैला में दबिश दी गई, जहां से दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, आरक्षक विनोद राठौर एवं नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।
:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – पंकज कुर्रे मो • 7240976439


