जमीन विवाद में महिला पर टांगी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोधना में जमीन विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक आरोपी ने महिला पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 02 अप्रैल 2026 को आरोपी भोलाशंकर कश्यप (60 वर्ष) ने अपनी ही रिश्तेदारी में आने वाली महिला निर्मला कश्यप पर जमीन विवाद के चलते हमला कर दिया। घटना के समय महिला घर में अकेली थी।
इसी दौरान प्रार्थी विशाल कश्यप जब घर लौटा, तो आरोपी ने उस पर भी टांगी से हमला करते हुए जान से मारने की धमकी दी, जिससे उसके हाथ में चोट आई। जब वह घर के अंदर पहुंचा तो उसकी पत्नी निर्मला कश्यप बेहोश अवस्था में मिली, जिसके सिर में गंभीर चोट से खून बह रहा था।
घायल महिला को तत्काल शासकीय अस्पताल नवागढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया। वर्तमान में महिला का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन व गवाहों के बयान लिए। तत्पश्चात त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त की गई।
आरोपी के विरुद्ध धारा 109(1) एवं 331(7) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे एवं नवागढ़ थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – पंकज कुर्रे , मो • 7240976139


