जांजगीर-चांपा में खाद विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई: 500 बोरी SSP जब्त, 23 प्रतिष्ठानों पर चला निरीक्षण अभियान

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार 7 अप्रैल को जिले में कृषि विभाग द्वारा उर्वरक विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उप संचालक कृषि राकेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में विकासखण्ड स्तरीय टीमों ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।

500 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट जब्त: विकासखण्ड नवागढ़ में मेसर्स राजेश ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान में निरीक्षण के दौरान 500 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट (SSP) बिना POS मशीन में इंद्राज के पाई गई। इस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टॉक जब्त कर विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया।

नवागढ़ में कई दुकानों को नोटिस: क्षेत्र में मेसर्स रेखा ट्रेडर्स, गिरिजा प्रसाद केशरवानी, रूपेश ट्रेडर्स एवं लाखन केशरवानी के प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं मिलने पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

अकलतरा में सहकारी समितियां मिलीं सही

विकासखण्ड अकलतरा में सेवा सहकारी समिति तिलई और तरौद में POS मशीन एवं भौतिक स्टॉक का मिलान सही पाया गया।हालांकि, नरियरा स्थित कर्ष कृषि केन्द्र एवं तागा के साहू ट्रेडर्स में गड़बड़ी मिलने पर नोटिस जारी किया गया।

पामगढ़, बलौदा और अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई

पामगढ़: सेवा सहकारी समिति पकरिया में POS मशीन और स्टॉक में गड़बड़ी, नोटिस जारी।

बलौदा: माधो प्रसाद गुप्ता जर्वे (ब) में सब कुछ सही, लेकिन परमात्मा कृषि केन्द्र एवं कृष्ण कुमार तंबोली के प्रतिष्ठानों में अनियमितता पाई गई।

बम्हनीडीह: सेवा सहकारी समिति पोडीशंकर में स्टॉक एवं POS मिलान सही मिला।

कृषि विभाग के अनुसार: 06 अप्रैल को 13 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई और 07 अप्रैल को 10 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई, कुल मिलाकर 23 उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों पर सख्त कदम उठाए गए।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को सही खाद उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें भी पढ़े