प्राथमिक स्कूल में बच्चों से ढुलवाया जा रहा पानी! वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप, जिम्मेदारों पर उठे गंभीर सवाल, देखें वीडियो..

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर चांपा। बलौदा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शिक्षा के मंदिर में ही बच्चों से श्रम करवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जनपद प्राथमिक शाला करमा का यह वीडियो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छोटे-छोटे मासूम बच्चे सिर पर पानी से भरे बर्तन उठाकर स्कूल परिसर में इधर-उधर जाते नजर आ रहे हैं। कुछ बच्चे बाल्टियों में पानी भरकर स्कूल के कार्यालय तक पहुंचाते भी दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य न सिर्फ हैरान करने वाला है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल भी खड़े करता है।

सबसे बड़ी बात यह है कि इस दौरान स्कूल की प्रधानपाठिका भी मौके पर मौजूद दिख रही हैं, लेकिन इसके बावजूद बच्चों से यह काम करवाया जा रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां बच्चों को पढ़ाई और बेहतर माहौल मिलना चाहिए, वहां उनसे इस तरह का कार्य करवाना पूरी तरह अनुचित है। यह न केवल बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पर भी सवालिया निशान लगाता है।

मामले में जब प्रधानपाठिका से पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उन्होंने सीधे जवाब देने के बजाय स्कूल में मीडिया के प्रवेश पर ही सवाल खड़े कर दिए। वहीं, विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया, और जिला शिक्षा अधिकारी ने व्यस्तता का हवाला देते हुए कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी।

फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं।

इन्हें भी पढ़े