अवैध खनिज पर सख्त कार्रवाई: 1 हाइवा, जेसीबी और 2 ट्रैक्टर जब्त, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 612 प्रकरणों में 1.74 करोड़ की वसूली

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा / कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में आज संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान ग्राम पिपरदा में अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर 01 हाइवा और 02 ट्रैक्टर रेत सहित जब्त किए गए। वहीं, एक जेसीबी मशीन को अवैध रूप से मिट्टी उत्खनन करते हुए पाए जाने पर जब्त किया गया। जब्त किए गए सभी वाहन एवं मशीन को अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना बम्हनीडीह के सुपुर्द किया गया है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में 612 प्रकरण दर्ज, 1.74 करोड़ से अधिक की वसूली

जिला खनि अधिकारी ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला उड़नदस्ता दल द्वारा अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित कुल 612 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार 220 रुपये की राशि वसूल कर शासन के खनिज मद में जमा कराई गई है। विगत दो माह में ही अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ 50 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 लाख 73 हजार 176 रुपये की वसूली की गई।

अवैध खनिज कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत दण्डात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इन्हें भी पढ़े