पामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई: किराना दुकान से चोरी करने वाले आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। जिले के थाना पामगढ़ पुलिस ने रात्रि में किराना दुकान से नगदी चोरी करने वाले आरोपियों को महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी हेमचंद रात्रे ने 12 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अप्रैल की देर रात वह लघुशंका के लिए उठा था, तभी दुकान की ओर से आवाज आने पर मौके पर पहुंचा। उसने देखा कि दुकान का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर से गांव के ही विकास रात्रे, अनुराग जोगी एवं उनके अन्य साथी भागते नजर आए। जांच करने पर गल्ले में रखे 4000 रुपये नगद गायब मिले।

रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। त्वरित दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में विकास रात्रे (21 वर्ष) एवं अनुराग जोगी (19 वर्ष), दोनों निवासी बोरसी, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कडेय, आरक्षक भुवनेश्वर पटेल एवं बेदराम पटेल का सराहनीय योगदान रहा।