मां-बेटे के रिश्ते पर खौफनाक दाग: जमीन विवाद में बेटे ने ली मां की जान

(देवेश साहू)

बलौदाबाजार। जिस मां ने बेटे को जन्म दिया, उसे पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटे के हाथों उसकी जिंदगी का अंत हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मगरवाय में सामने आई इस दर्दनाक घटना ने मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को झकझोर कर रख दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 6 बजे, जमीन विवाद को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे धनेश्वर वर्मा ने अपनी 65 वर्षीय मां देवी बाई वर्मा पर डंडे से हमला कर दिया। गुस्से में किए गए इस वार ने एक मां की सांसें छीन लीं। गंभीर चोट लगने से देवी बाई की मौके पर ही मौत हो गई।

गांव में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर वह कौन सी परिस्थिति थी, जिसने एक बेटे को अपनी ही मां का कातिल बना दिया। जिन हाथों ने कभी बेटे को सहारा दिया, उन्हीं हाथों को बेटे ने हमेशा के लिए थामने का मौका भी नहीं दिया।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उन रिश्तों के टूटने की कहानी है, जिन पर समाज की नींव टिकी होती है। जमीन के एक टुकड़े ने मां-बेटे के रिश्ते को इस कदर तोड़ दिया कि इंसानियत भी शर्मसार हो गई।