पीएम आवास योजना: बुंदेला पंचायत में गड़बड़ी का आरोप, 20-25 हजार की वसूली का मामला
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस बार शिकायत पामगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बुंदेला से जुड़ी है, जहां पुराने मकानों को नया बताकर हितग्राहियों से 20 से 25 हजार रुपये तक वसूली किए जाने का आरोप लगा है।
बुंदेला निवासी रामगोपाल श्रीवास ने 16 मार्च 2026 को कलेक्टर जांजगीर-चांपा को लिखित शिकायत देकर बताया कि ग्राम पंचायत में पुराने घरों को ही नया आवास दर्शाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि स्वीकृत की जा रही है। इसके एवज में हितग्राहियों से 20 हजार से 25 हजार रुपये तक की उगाही की जा रही है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रोजगार सहायक सहित अन्य संबंधित कर्मियों की मिलीभगत से यह वसूली की जा रही है। मामले में सब इंजीनियर की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ताओं ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जांच टीम गठित, कार्रवाई के संकेत
जनपद पंचायत पामगढ़ के सीईओ मणीशंकर कौशिक ने बताया कि ग्राम पंचायत बुंदेला के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। यदि जांच में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम की चेतावनी के बावजूद गड़बड़ी जारी
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि योजना में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद जिले में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं।


