PAMGARH: इस पंचायत में सियासी बवाल, 12 पंचों ने सरपंच के खिलाफ खोला मोर्चा, SDM को सौंपा अविश्वास प्रस्ताव

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा | जिले के पामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत झिलमिली में पहली बार अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। पंचायत के 12 पंच एकजुट होकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) के पास पहुंचे और सरपंच राजकुमारी बंजारे के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने हेतु आवेदन सौंपा।

आवेदन में पंचों ने सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पंचायत में विकास कार्यों की लगातार अनदेखी की जा रही है। कई स्वीकृत कार्य आज तक पूरे नहीं हो पाए हैं, वहीं कुछ कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती गई। ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। पंचों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम सभा में उनके सवालों को नजरअंदाज किया जाता है और विरोध करने पर विवाद की स्थिति निर्मित हो जाती है। साथ ही पंचायत में आर्थिक अनियमितता और राशि के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि हाल ही में आयोजित ग्राम सभा के दौरान विवाद की स्थिति बनी, जिससे पंचायत का माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। पंचों का कहना है कि सरपंच के कार्यकाल में गांव का विकास बाधित हुआ है और आम जनता भी इससे असंतुष्ट है। इन्हीं सभी कारणों को आधार बनाते हुए पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।

अब इस पूरे मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। यदि अविश्वास प्रस्ताव पारित होता है, तो पंचायत की सत्ता में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे पामगढ़ ब्लॉक की राजनीति में हलचल और तेज होने की संभावना है।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – पंकज कुर्रे मो नं • 7240976439