अंतर्राज्यीय मवेशी तस्करी गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार, 15 भैंस व 3 पिकअप जब्त

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवरीनारायण पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 नग भैंस, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 25 हजार रुपये है, तथा परिवहन में प्रयुक्त 3 पिकअप वाहन (कीमत लगभग 18 लाख रुपये) जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 03 मई 2026 की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि तीन पिकअप वाहनों में भैंसों को अवैध रूप से उड़ीसा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शिवरीनारायण क्षेत्र में राघव इन होटल के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर पिकअप क्रमांक CG04QU9122, OD26F4334 और OD17T8523 को रोका।

जांच के दौरान पाया गया कि तीनों वाहनों में कुल 15 भैंसों को ठूंस-ठूंस कर रस्सियों से बांधकर क्रूरता पूर्वक ले जाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आरोपियों के नाम: 

मुकेश ऐडजा (26 वर्ष), निवासी गोडमुडा, बरगढ़

राजेश मांझी (26 वर्ष), निवासी खरामल, बरगढ़

निरंजन कोलारी (25 वर्ष), निवासी टेमरी, बरगढ़

रूपेश कुमार (20 वर्ष), निवासी डुरकी छड़ा, बरगढ़ (उड़ीसा)

प्रकाश राणा (32 वर्ष), निवासी सोडा, जिला बरगढ़ (उड़ीसा)

इन धाराओं के तहत कार्रवाई: आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्य प्रआर तारिकेश पाण्डेय, मोहन साहू, आरक्षक खुरेन्द्र शुक्ला, नितीन द्विवेदी, रामकुमार कश्यप सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा। वहीं, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस का सहयोग किया।

इन्हें भी पढ़े