JANJGIR BREAKING : भवतरा चौहरे हत्याकांड के अगले दिन फिर वारदात, तनौद में अधेड़ की लाठी मारकर हत्या से सनसनी

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । शिवरीनारायण थाना क्षेत्र एक बार फिर हत्या की वारदात से दहल उठा है। ग्राम तनौद में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक युवक ने अधेड़ व्यक्ति की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहन महिपाल उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर आरोपी युवक और मृतक के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मोहन महिपाल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम भवतरा में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या हुई थी। लगातार हो रही हत्या की वारदातों से पूरे जांजगीर-चांपा जिले में भय और सनसनी का माहौल है।

इन्हें भी पढ़े