महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, खाद्य सामग्री के बढ़ते दामों पर जताया विरोध
(देवेश साहू)
बलौदाबाजार में केंद्र सरकार की नीतियों एवं लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा खाद्य सामग्री के बढ़े हुए दामों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने आम जनता और व्यापारियों के बीच पहुंचकर बढ़ती कीमतों को लेकर चर्चा की तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खाद्य तेल, दाल, चावल, आटा, मसाले सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब, मजदूर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण आम लोगों के लिए घर का खर्च चलाना कठिन होता जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि बढ़ती महंगाई का असर व्यापार पर भी पड़ रहा है और बाजार व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र की भाजपा सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण करने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई कम करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष परमेश्वर यदु, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सेन, ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक साहू, महामंत्री लखेश साहू, जिला कोषाध्यक्ष हेमचंद केसरवानी, जिला महामंत्री छल्ला साहू, पार्षद सुरेश धृतलहरे, पूर्व अध्यक्ष ग्रामीण विक्रम गिरी, पूर्व सदस्य जिला पंचायत पद्मेश्वरी साहू, अधिवक्ता संजय सोनी, शहर महामंत्री नीरज बांधे, पार्षद डिगेश्वरी, रविंद्र नामदेव, मोहन साहू, महामंत्री भेनू साहू, राजकुमार रजक, अजय भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
इसके अलावा व्यापारी मंडल अध्यक्ष गोल्डी मारईया, अभिषेक पटेल, संतोष साहू, खुलेश्वर साहू, महामंत्री भावेश वर्मा, गौरव ध्रुव, इंटक जिला अध्यक्ष चीतेन्द्र वर्मा, पवन दास मानिकपुरी, पुरुषोत्तम यदु, मनोज यादव, फुलेश्वर साहू, आयुष भाटपहरी, सुखदेव साहू, तिलक कन्नौजे एवं अन्य आम नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


