JANJGIR BREAKING : शिक्षा व्यवस्था पर कलेक्टर सख्त: खराब बोर्ड रिजल्ट पर जताई नाराजगी, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले में शिक्षा व्यवस्था और बोर्ड परीक्षा परिणामों को लेकर कलेक्टर जम्मेजय महोबे ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं प्राचार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विगत तीन वर्षों के बोर्ड परीक्षा परिणामों और राज्य स्तर पर जिले की रैंकिंग की विस्तार से समीक्षा की गई। कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों से जवाब तलब करते हुए कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय में सभी शिक्षकों और अधिकारियों को जिम्मेदारी एवं अनुशासन के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और अन्य अधिकारियों को स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, समय पर अध्यापन और तय समय सीमा में कोर्स पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने या समय पर पाठ्यक्रम पूरा नहीं करने वाले शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को प्रत्येक शिक्षक का विस्तृत डाटा तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसमें संबंधित शिक्षक द्वारा पूर्ण कराए गए कोर्स, परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों की तैयारी, टेस्ट आयोजन और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी शामिल की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों की कार्यप्रणाली का लगातार मूल्यांकन करने पर जोर दिया, ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।
इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए विषयवार प्रगति चार्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इस चार्ट में छात्रों के विभिन्न विषयों में प्राप्तांक, कक्षा प्रदर्शन और कमजोर विषयों की जानकारी दर्ज की जाएगी। जिन विषयों में विद्यार्थी कमजोर हैं, उनमें अतिरिक्त अभ्यास और विशेष कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में आगामी पूरक परीक्षा की तैयारी की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष तैयारी योजना बनाने और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि वे आगामी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकें।
कलेक्टर ने कहा कि जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बेहतर परीक्षा परिणाम और राज्य स्तर पर जिले की रैंकिंग सुधारने के लिए सभी अधिकारी एवं शिक्षक गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा सहित शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।


