खबर प्रकाशन के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप, सवाल पूछने पर मीडिया पर भड़के अधिकारी, खबर शतक.इन की खबर के बाद जांच टीम गठित

(देवेश साहू)

कसडोल। नगर के कसडोल स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित ओपन बोर्ड परीक्षा के दौरान कथित तौर पर नकल कराए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में परीक्षा केंद्र के भीतर कथित रूप से खुलेआम नियमों की अनदेखी करते हुए परीक्षार्थियों को सहायता दिए जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बीते 30 मार्च को आयोजित ओपन स्कूल परीक्षा का है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को जब मीडिया कर्मी स्कूल पहुंचे और जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल पूछने का प्रयास किया, तो स्थिति और अधिक विवादित हो गई। आरोप है कि मीडिया के सवालों से नाराज जिम्मेदार अधिकारी आगबबूला हो गए और पत्रकारों के साथ बदसलूकी करते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करने की धमकी तक दे डाली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अधिकारियों ने कहा कि “वीडियो बनाए तो सोच लेना”, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।


जानकारी के मुताबिक, मीडिया के सवालों से बचने के लिए स्कूल के प्रिंसिपल एवं परीक्षा केंद्राध्यक्ष कार्यालय से निकलकर चले गए। वहीं प्रभारी बीईओ भी पूरे मामले से बचते नजर आए और स्पष्ट जवाब देने से कतराते रहे। इस व्यवहार ने मामले को और अधिक संदेहास्पद बना दिया है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और आम लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि परीक्षा केंद्रों में इस तरह खुलेआम नकल कराई जाएगी, तो मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय होगा और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होगी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदाबाजार कलेक्टर ने जांच टीम गठित कर पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इधर, इस पूरे मामले को सबसे पहले खबर खबर शतक.इन ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।

इन्हें भी पढ़े