सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे, ब्लैक स्पॉट सुधार, हेलमेट-सीट बेल्ट जांच और राहवीर योजना के प्रचार पर दिए निर्देश

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में चिन्हांकित डार्क स्पॉट और ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। इन स्थानों पर संकेतक बोर्ड, पर्याप्त लाइटिंग, स्पीड ब्रेकर तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पूर्व में सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं अथवा जहां दुर्घटना की आशंका अधिक है, वहां विशेष सतर्कता बरतते हुए मरम्मत एवं सुधार कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

बैठक में पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट वाले क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। वहीं आरटीओ विभाग को वाहनों की नियमित जांच करने और स्वास्थ्य विभाग को “गोल्डन ऑवर” के दौरान त्वरित एम्बुलेंस एवं स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर महोबे ने “राहवीर योजना” एवं प्रधानमंत्री राहत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।

बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार, अपर कलेक्टर आर के तंबोली, जिला परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े