अनियंत्रित होकर नाला में जा गिरी कार, 3 सगे भाइयों की बाल-बाल बची जान
(पंकज कुर्रे)
पामगढ़। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र अंतर्गत मेऊभाठा में बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। टाटा पंच कार अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरे नाला में जा गिरी। हादसे के समय कार में तीन सगे भाई सवार थे, जो किसी काम से बिलाईगढ़ से बिलासपुर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मेऊभाठा पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद कार सीधे नाला में जा गिरी। कार में बिलाईगढ़ जनपद सदस्य का नेमप्लेट भी लगा हुआ था।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास से गुजर रहे राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे और कार में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और तीनों भाई सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक घटना दोपहर करीब 2 बजे के आसपास की बताई जा रही है।


