वृद्धाश्रम में अमानवीय लापरवाही: बुजुर्ग महिला का शव 9 घंटे तक बिस्तर पर पड़ा रहा, संचालक पर लापरवाही के आरोप

(पंकज कुर्रे)

पामगढ़ । नगर के देव सेवा समिति संचालित वृद्धाश्रम में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। वृद्धाश्रम में रह रही एक बुजुर्ग महिला की तड़के सुबह करीब 4 बजे मौत हो गई, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि महिला का शव लगभग 9 घंटे तक उसी बिस्तर पर पड़ा रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत प्रशासन में भारी नाराजगी देखी गई।

जानकारी के अनुसार, वृद्धाश्रम में रह रही बुजुर्ग महिला ने सुबह दम तोड़ दिया था। इसके बाद वहां मौजूद अन्य बुजुर्ग महिलाओं ने प्रबंधन को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। मामले की जानकारी वार्ड पार्षद को दी गई, जिन्होंने वृद्धाश्रम संचालक से फोन पर संपर्क किया। आरोप है कि संचालक ने बेहद गैरजिम्मेदाराना जवाब देते हुए कहा कि “मेरे यहां गेस्ट आने वाले हैं, मैं नहीं आ पाऊंगी।”

इस जवाब के बाद जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड पार्षद ने इसे अमानवीय और शर्मनाक बताते हुए प्रशासन से वृद्धाश्रम प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिन बुजुर्गों की सेवा और देखभाल के लिए संस्था संचालित की जा रही है, वहां इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर विषय है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष भी वृद्धाश्रम पहुंचीं। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी ली और संचालक के रवैये पर नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई। अध्यक्ष ने कहा कि वृद्धाश्रम जैसे संवेदनशील स्थान में इस प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जाएगी।

घटना के बाद वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं और बुजुर्गों की देखभाल को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था और जिम्मेदारी दिखाई जाती, तो कम से कम मृत महिला के शव को घंटों तक इस हालत में नहीं छोड़ना पड़ता।

इन्हें भी पढ़े