PWD विभाग के सचिव ने सड़क और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा, लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश, पामगढ़-डोंगाकोहरौद सड़क को प्राथमिकता
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा | लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के प्रवास के दौरान सड़कों एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जांजगीर विश्राम गृह में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी उपस्थित रहे।
सचिव बंसल ने बरसात से पहले जिले की सड़कों में पेच रिपेयर का कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का नियमित परीक्षण कर हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में उन्होंने सक्ती जिले के गठन के बाद प्रशासनिक सुविधा एवं कार्यों में कसावट लाने के उद्देश्य से पुराने संभागों के पुनर्गठन की बात कही। उन्होंने जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले में दो-दो संभाग संचालित करने के निर्देश दिए।
सचिव ने अधिकारियों को चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 तथा पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार कर 31 जुलाई तक प्राक्कलन भेजने के निर्देश दिए। साथ ही समय-सीमा से पीछे चल रहे कार्यों की समीक्षा कर उनमें तेजी लाने को कहा। उन्होंने पामगढ़-डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता में रखते हुए जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
मुकेश कुमार बंसल ने जांजगीर कलेक्टोरेट भवन निर्माण कार्यों में तेजी लाकर जल्द पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने समुचित कार्ययोजना बनाकर पूरे परिसर को व्यवस्थित एवं बेहतर ढंग से विकसित करने को कहा। इसके अलावा ऑडिटोरियम रिनोवेशन कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली। बैठक में जिले में प्रस्तावित द्रुतगामी सड़कों के प्राक्कलन 30 जून तक भेजने के निर्देश दिए गए। सचिव ने निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करते हुए नियमानुसार ब्लैक-लिस्टेड एवं टर्मिनेट करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
इस दौरान बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे एवं जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत, एन.के. लाल, जे.पी. तिग्गा सहित जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


