विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, तंबाकू छोड़ स्वस्थ जीवन अपनाने का दिया संदेश- श्रीमती शीलू केसरी
(पंकज कुर्रे)
पामगढ़। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय जयदीप गर्ग, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा तथा माननीय मनोज कुमार कुशवाहा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा के निर्देशानुसार किया गया।
शिविर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति पामगढ़ श्रीमती शीलू केसरी ने कहा कि तंबाकू का सेवन अनेक गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। उन्होंने लोगों से तंबाकू छोड़कर स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों, मानसिक विकारों एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नशा पीड़ितों के लिए उपलब्ध विधिक सेवाएं, लोक अदालत, समाधान समारोह, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा 18 जुलाई एवं 21 नवंबर 2026 को चेक बाउंस प्रकरणों के निराकरण हेतु आयोजित विशेष लोक अदालतों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की।
श्रीमती केसरी ने उपस्थित लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को तंबाकू एवं नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ की बीएमओ डॉ. रश्मि डाहिरे, डॉ. सुशील सूर्यवंशी, डॉ. लक्की सोनी, रमाकांत सुमन, बी.एस. ओग्रे, संजय सिंह, केशव भारद्वाज, शशि साहू, शीतला, केशव, पीएलवी गजानंद प्रसाद कश्यप, नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


