जांजगीर-चांपा पुलिस में बड़ा फेरबदल: 80 पुलिसकर्मियों के तबादले, करही में नई पुलिस सहायता व्यवस्था
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय द्वारा पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के तहत जिले के कुल 80 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों का एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरण किया गया है। स्थानांतरण प्रक्रिया में उन कर्मचारियों को प्राथमिकता दी गई है जो तीन वर्ष अथवा उससे अधिक समय से एक ही थाना, चौकी अथवा यातायात शाखा में पदस्थ थे। इस कदम का उद्देश्य प्रशासनिक संतुलन बनाए रखना, कार्य में पारदर्शिता बढ़ाना तथा पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
यातायात शाखा से 23 कर्मचारियों को थानों में भेजा गया
फेरबदल के तहत सबसे अधिक तीन वर्ष से अधिक समय से पदस्थ रहे यातायात शाखा के 23 कर्मचारियों को जिले के विभिन्न थाना-चौकियों तथा करही क्षेत्र में पदस्थ किया गया है। वहीं थाना एवं चौकी में कार्यरत कुछ कर्मचारियों को यातायात शाखा में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस विभाग का मानना है कि इससे थाना स्तर पर पुलिस बल की उपलब्धता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
करही में पुलिस सहायता केंद्र के लिए विशेष पदस्थापना
बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में 5 जून को पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस सेवाओं को और सुलभ बनाने के उद्देश्य से यहां प्रभारी सहित अलग से पुलिस कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। इससे क्षेत्र के नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता एवं सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यह प्रशासनिक व्यवस्था जिले में बेहतर पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और जनसुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्थानांतरण आदेश के बाद संबंधित कर्मचारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


