रसौटा में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया गया आत्मीय स्वागत
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ । शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रसौटा, विकासखंड पामगढ़ में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत रसौटा के सरपंच संजू रत्नाकर रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती परसिया बाई चौहान, एसएमसी अध्यक्ष मोहन साहू एवं मनमोहन धीवर, संकुल प्राचार्य कौशल प्रसाद खरे तथा अनिल धीवर उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा पाठ्यपुस्तक और गणवेश प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और विद्यालयीन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती सरोज माँझी डाहिरे ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, पालकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए नवीन शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं तथा विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सभी के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।





