जांजगीर-चांपा जिले में महिलाओं से छेड़छाड़ के दो मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा । जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। चांपा और बिर्रा थाना क्षेत्र में महिलाओं से छेड़छाड़ के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पहला मामला थाना चांपा क्षेत्र का है, जहां पीड़िता ने 8 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कोसमंदा निवासी द्वारिका कश्यप (51 वर्ष) ने उसका हाथ पकड़कर बुरी नीयत से छेड़छाड़ की। पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर वहां से भागी और इसकी शिकायत थाना चांपा में दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 298/2026 के तहत धारा 74 एवं 79 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दूसरा मामला थाना बिर्रा क्षेत्र का है। 17 जून 2026 को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि बोरसी निवासी राजेश चन्द्रा (26 वर्ष) ने सूनेपन का फायदा उठाकर उसके साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ की। विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। शिकायत मिलते ही बिर्रा पुलिस ने अपराध क्रमांक 81/2026 धारा 74 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दोनों मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।





