घर में घुसकर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला: पामगढ़ पुलिस ने चण्डीपारा से 5 बदमाशों को किया गिरफ़्तार, पढ़े पूरी खबर!

{Pankaj Kurre}

पामगढ़ । थाना पामगढ़ क्षेत्र में उधारी में लिए गए सिगरेट और राजश्री का पैसा मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पहले दुकान में गाली-गलौज की और बाद में हथियारनुमा पाइप एवं डंडे लेकर पीड़ित के घर में घुसकर जमकर मारपीट कर दी। घटना का वीडियो बनाने से नाराज आरोपियों ने वीडियो डिलीट नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भैंसो निवासी मुकेश लहरे ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि 14 जून 2026 की सुबह करीब 7 बजे चंडीपारा निवासी आकाश जायसवाल उर्फ आगा अपने साथियों के साथ उसकी दुकान पर आया था। आरोपियों ने दुकान से 5 पैकेट सिगरेट और 10 नग राजश्री लिया, लेकिन भुगतान नहीं किया। जब मुकेश ने पैसे मांगे तो आरोपी भड़क गए और अश्लील गाली-गलौज करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख प्रार्थी ने घटना का वीडियो बना लिया। इस पर आरोपी दो घंटे बाद लौटने की धमकी देकर वहां से चले गए।

वीडियो बनाने से बौखलाए आरोपी, घर में घुसकर की मारपीट

शिकायत के अनुसार उसी दिन सुबह करीब 9 बजे आरोपी फिर से दुकान पहुंचे। इस बार उनके हाथों में पाइप और डंडे थे। आरोपियों ने आते ही कहा कि पहले वीडियो डिलीट करो। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए मुकेश अपने घर के अंदर भागा, लेकिन आरोपी पीछे-पीछे घर में घुस गए और वहां भी उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि यदि वीडियो डिलीट नहीं किया गया तो उसे जान से खत्म कर देंगे।

घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 247/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

20 जून 2026 को पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार 05 आरोपी

• आकाश जायसवाल उर्फ आगा (28 वर्ष), चंडीपारा, पामगढ़

• विकास यादव उर्फ मुक्कु (21 वर्ष), नूतन चौक सरकंडा, हाल शिवरीनारायण

• विशाल मरकाम उर्फ रिंकू सिदार (26 वर्ष), चंडीपारा

• सूरज कश्यप उर्फ गोलू (23 वर्ष), चंडीपारा

• संजय कश्यप (26 वर्ष), चंडीपारा, पामगढ़

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उप निरीक्षक सरोज पाटले, प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कंडेय, आरक्षक नवीन रात्रे, श्याम ओग्रे, सैनिक चंद्रशेखर प्रधान सहित थाना पामगढ़ के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।